रोहतक के चिड़ियाघर में फिर सुनाई देगी बाघ की दहाड़

 


रोहतक के चिड़ियाघर में फिर सुनाई देगी बाघ की दहाड़


रोहतक। तिलियार पर्यटन केंद्र स्थित लघु चिड़ियाघर में एक बार फिर रायल बंगाल टाइगर की दहाड़ सुनाई देगी। इसके लिए वन्य प्राणी विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से बाघ का जोड़ा लाया जा रहा है। बाघ-बाघिन अगले सप्ताह तक चिड़िया घर पहुंच जाएंगे। वहीं लोग इन्हें मार्च के बाद देख सकेंगे।


 

वन्य प्राणी विभाग शहर के लघु चिड़िया घर को आकर्षक व लोगों को भ्रमण के लिए बेहतर सुविधा मुहैया कराने को लेकर जोर शोर से जुटा हुआ है। इसी कड़ी में यहां बाघ-बाघिन का जोड़ा लाया जा रहा है। नर-मादा बाघों का यह जोड़ा युवा है। इनकी उम्र करीब तीन वर्ष बताई गई है। इन्हें चिड़िया घर लाने के बाद कुछ दिन इनके एनक्लोजर में ही रखा जाएगा। केंद्रीय प्राधिकरण चिड़िया घर (सीजेडए) से बाघों का जोड़ा लाने की मंजूरी मिल गई है। इन्हें निमयानुसार छत्तीसगढ़ के केनन पनडेरी ज्ूलॉजिकल गार्डन बिलासपुर से यहां लाया जा रहा है।
जू की शान सौरभ ने 2015 में तोड़ा था दम
शहर के लघु चिड़िया घर का सौरभ यहां की शान था। इसकी दहाड़ यहां आने वालों को रोमांचित करती थी। इस 16 वर्षीय टाइगर ने वर्ष 2015 में आखिरी सांस ली। इसकी प्राकृतिक मौत हुई। इसके बाद से चिड़िया घर में सूनापन छाया हुआ है। प्रदेश के लोग करीब पांच साल बाद फिर से रॉयल बंगाल टाइगर देख पाएंगे। इसकी वजह लंबे से भिवानी व पीपली जू में भी टाइगर का नहीं होना है।
तेंदुए ने बढ़ाई चिड़िया घर में रौनक
चिड़िया घर में सौरभ की मौत के बाद से सूनापन छाया हुआ था। इसे कुछ महीने पहले आए तेंदुओं की उछल कूद ने काफी हद तक दूर करने का काम किया है। एक तेंदुआ यहां पहले से था। जबकि दो रेस्क्यू में यहां लाए गए। तेंदुओं को देखने की चाह ने चिड़िया घर की ओर लोगों को आकर्षित किया है। इससे सूनापन भी दूर हुआ है।
जू में पल बढ़ रहे हैं तीन लायन शावक
चिड़िया घर में पहली बार तीन लायन भी पल बढ़ रहे हैं। वन्य प्राणी विभाग इन तीन शावकों को यहां लगा था। फिलहाल इन्हें आम जन के लिए नहीं रखा गया है। मार्च के बाद टाइगर के साथ इन्हें भी लोग देख सकेंगे।
चिड़िया घर को बेहतर बनाने का प्रयास जारी है। यहां वन्य प्राणियों की सुविधा के लिए नए एनक्लोजर बनाने के साथ नए मेहमान भी लाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ से अगले सप्ताह यहां रायल बंगाल टाइगर का जोड़ा आ रहा है। इसे लायन के तीन शवकों के साथ ही मार्च के बाद से आम जन देख पाएंगे।