सेना भर्ती : कड़ाके की ठंड में दौड़े 2710 युवा, पास हुए 394

 


सेना भर्ती : कड़ाके की ठंड में दौड़े 2710 युवा, पास हुए 394


रोहतक। देश सेवा का जज्बा प्रदेश के युवाओं में हिलौरे मार रहा है। यही वजह रही कि राजीव गांधी खेल परिसर में चल रही सेना भर्ती के पहले दिन कड़ाके की ठंड में भी युवा नंगे बदन खुले मैदान में डटे रहे। कोहरे में अपनी बारी का इंतजार करते कतारबद्ध युवा खुद को गर्म रखने के लिए उछलकूद करते नजर आए। सेना में सामान्य ड्यूटी के लिए पानीपत व झज्जर जिले के 2710 उम्मीदवार की अपने दस्तावेजों के साथ समय पर भर्ती केंद्र पहुंच पाए। इनमें से 394 उम्मीदवार ही शारीरिक परीक्षा पास कर पाए। इनमें से कुछ दौड़ते हुए गिर पड़े तो कुछ के पैर छिल गए। पांव के छाले फूटने के बाद भी युवाओं में पूरे जोश दिखा।


 

ठंड में नंगे बदन कांपते रहे उम्मीदवार
सर्दी का मौसम सेना भर्ती से पहले ही उम्मीदवारों की परीक्षा लेता नजर आया। कड़ाके की ठंड में सात डिग्री न्यूनतम के आसपास बने तापमान में नंगे बदन (निक्कर व बनियान पहने) युवा कांपते रहे। कतार में खड़े युवा अपनी बारी आने तक खुद को ठंड से बचाने व गर्म रखने के लिए उछलकूद करते रहे। दौड़ व अन्य शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया पूरी होते ही युवाओं ने अपने कपड़े व जूते पहनने में देरी नहीं की।
ओस ने बढ़ाई उम्मीदवारों की मुश्किल
सेना भर्ती के लिए 1600 मीटर की दौड़ पूरी करने के बाद युवाओं को नौ लंबा गड्ढा कूदने, जिग जैग बाधा पार करने के बाद बीम परीक्षण पास करना जरूरी है। बीम परीक्षण में मौसम में ठंडक से बनी ओस ने उम्मीदवारों की मुश्किल बढ़ाने का काम किया। लोहे के मोटे पोल पर युवाओं के हाथ बार-बार फिसल रहे थे। अपने नंबर कटने व फेल होने से बचने के लिए युवाओं ने अपने कपड़ों से पोल को साफ कर बीम परीक्षण पास किया।
ग्रुप एक व दो के लिए बिलख पड़े युवा
सेना भर्ती की पहली प्रक्रिया 1600 मीटर दौड़ के लिए 5 मिनट 45 सेकेंड का समय निर्धारित किया गया है। यह दौड़ 5 मिनट 30 सेकेंड में पूरी करने वाले उम्मीदवारों को ग्रुप एक में रखा जाता है। जबकि पांच मिनट 45 सेकेंड तक दौड़ पूरी करने वालों को ग्रुप दो में रखा जाता है। ग्रुप एक में जगह बनाने वाले को 60 अंक व ग्रुप दो में जगह बनाने वालों को 40 अंक दिए जाते हैं। ऐसे में युवा इन ग्रुपों खासकर ग्रुप एक में जगह बनाने को लेकर क्रेजी नजर आए। कुछ तो इसमें जगह नहीं मिलने पर बिलख पड़े। जवानों के पैरों में पड़ कर गिड़गिड़ाने लगे। एक ने तो साफ कहा कि आखिरी मौका है, अंदर आने दो या गोली मार दो। समय पूरा होते ही पीछे रहने वालों को सेना के जवानों ने शेष उम्मीदवारों को रोक दिया जाता है।
सेना भर्ती में आए युवाओं ने उजाड़े सेक्टर छह के बगीचे
सेना भर्ती में आए युवाओं ने सेक्टर छह के बगीचे उजाड़ दिए। वहां से लकड़ियां जुटा कर आग लगा दी। इससे इलाके लोगों में गुस्सा है। रात के समय सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवाओं के शोर की वजह से लोग सो भी नहीं पाए। इलाके के लोगों ने सेना के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठोस व्यवस्था बनाने की अपील की है। भर्ती के चलते पूरी कालोनी में गंदगी का माहौल बना हुआ है। घरों पास ही शौच कर रहे हैं। इन्हें रोकने की जरूरत है। इसके लिए प्रशासन शौचालयों की व्यवस्था करे। देर रात लोग खुद को ठंड से बचाने के लिए अलाव भी तापते नजर आए।
सेना भर्ती में दलालों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में घूम रहे गुप्तचर
रोहतक। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में सोमवार से सेना भर्ती शुरू हो चुकी है। सेना भर्ती में किसी तरह की धांधली न हो, इसके लिए भारतीय सेना के अधिकारी, सेना भर्ती कार्यालय रोहतक और जिला प्रशासन सतर्क हैं। सेना भर्ती में दलालों पर नजर रखने के लिए सेना के अधिकारी सादी वर्दी में स्टेडियम के अंदर और बाहर घूम रहे हैं। इसके अलावा सेना अधिकारियों और जिला प्रशासन के परस्पर तालमेल से स्टेडियम के आसपास चेतावनी भरे काफी पर्चे लगाए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजीव गांधी खेल परिसर में चयनित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। परिसर में वांछित स्थानों पर बेरिकेडिंग भी की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न न हो सके।
ये लिखा है पर्चों पर
सेना भर्ती कार्यालय रोहतक की ओर से लगाए गए पर्चों पर लिखा है कि हमारा उद्देश्य सर्वश्रेष्ठ को चुनना है। सेना में भर्ती निशुल्क, निष्पक्ष एवं योग्यता के आधार पर है। चेतावनी है कि दलालों से बचकर रहें। दलाल आपको सेना में भर्ती नहीं करवा सकते। दलालों पर पैसा न खर्च करें। भर्ती प्रक्रिया कंप्यूटराइज्ड है और दलाल कुछ नहीं कर सकते। कड़ी मेहनत पर विश्वास रखें। साथ ही लिखा है कि रिश्वत लेना या देना, फर्जी प्रमाणपत्र और अनुचित साधनों के इस्तेमाल में शामिल होना एक दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वाले अभ्यर्थी दंड के लिए उत्तरदायी होंगे।
ये जारी किए विशेष निर्देश
अभ्यर्थियों को भर्ती रैली के दौरान केवल एक श्रेणी में हिस्सा लेने की अनुमति है। भर्ती के बारे में सुझाव और शिकायतें रैली स्थल पर आयोजित सुझाव बॉक्स के माध्यम से लिखित रूप में दी जा सकती है। अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों को आयोग्य घोषित किया जाएगा और उनके खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर अनुचित साधनों का उपयोग किए हुए उम्मीदवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उम्मीदवारों के लिए भर्ती प्रक्रिया में पारित करने के लिए सेना पर दावा करने का कोई अधिकार नहीं है। नकली प्रवेशपत्र के साथ मिलने पर उम्मीदवार को पुलिस को सौंप दिया जाएगा।